जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में पर्यटन गतिविधियों को सुव्यवस्थित, प्रभावी और रोजगारपरक बनाने के लिए जिला पर्यटन विकास समिति की अहम बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन परियोजनाओं, आधारभूत ढांचे के विकास, प्रचार-प्रसार रणनीतियों और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक के दौरान डीएम ने पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाए।
सबसे अहम फैसलों में कोसी बैराज क्षेत्र में जल्द वॉटर स्पोर्ट्स शुरू करने के निर्देश शामिल रहे। डीएम ने कहा कि इससे पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही झांकर सैम मंदिर के पास प्रस्तावित ईकोलॉज हट्स को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के आदेश दिए गए। टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने भत्तरोजखान के अतिथि गृह को भी शीघ्र संचालन में लाने को कहा।
बैठक में मल्ला महल को हेरिटेज वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का बड़ा निर्णय लिया गया। डीएम ने इसके लिए प्रति कार्यक्रम 80,000 रुपये शुल्क तय करने और एक अनुभवी प्रबंधक की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए उन्हें पर्यटन से जोड़ना समय की जरूरत है।
इसके अलावा मानसखंड मंदिर माला मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। वहीं जागेश्वर धाम मास्टर प्लान को प्राथमिकता के आधार पर जल्द लागू करने के सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जागेश्वर क्षेत्र को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करना आवश्यक है।
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि योजनाबद्ध तरीके से प्रयास कर अल्मोड़ा को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका में भी सुधार होगा।
बैठक में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी, उप निदेशक पर्यटन प्रकाश सिंह खत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
