Tue. Apr 28th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर में एक निजी नर्सिंग कॉलेज के संचालक द्वारा पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गहरा रोष व्यक्त किया है और प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताते हुए इसे बेहद गंभीर करार दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं, जो हर वर्ग की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में उनके साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता न केवल निंदनीय है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ भी है।
मनोज तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो व्यक्ति पत्रकारों का सम्मान नहीं कर सकता, उसके व्यवहार पर यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि वह आम जनता, छात्रों और शिक्षकों के साथ कैसा व्यवहार करता होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित नर्सिंग संस्थान पहले भी विवादों में रहा है और इसकी कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से मांग की कि केवल इस घटना तक सीमित न रहकर पूरे संस्थान की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की गहन जांच कराई जाए।
विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इससे गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिलेगा और समाज में गलत संदेश जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस घटना के बाद पत्रकार संगठनों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो समाज में सच्चाई सामने लाना मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा संस्थान समाज के लिए आदर्श होने चाहिए, जहां अनुशासन, सम्मान और नैतिकता का माहौल हो। ऐसे संस्थानों में इस तरह की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है।