Thu. May 7th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा चंपावत में एक छात्रा के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में बुधवार को अल्मोड़ा के चौघानपाटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए।
नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने कहा कि नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि यह घटना स्वयं उनके विधानसभा क्षेत्र में हुई है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री के क्षेत्र में ही बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तो पूरे प्रदेश की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रदर्शन में प्रकाश चंद जोशी, दीप सिंह डांगी, दीपा शाह, राधा बिष्ट, किरण आर्य, गीता मेहरा, तारा तिवारी, पूरन रौतेला, मुकेश कुमार (डैनी), परितोष जोशी, नारायण दत्त पांडे, विक्रम सिंह फर्त्याल, कार्तिक शाह, अजय वर्मा, विकास कुमार, आशु गोस्वामी, आनंद सिंह बिष्ट, अख्तर हुसैन, विनोद वैष्णव, सुशील शाह, गुंजन सिंह चम्याल, शरद शाह, दीपेश जोशी, फेमिना खान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।