Tue. Jun 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर निगम अल्मोड़ा ने शहर को कूड़ेदान मुक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सोमवार को पांडेखोला स्थित सीएमओ कार्यालय के समीप शिव मंदिर के ऊपर स्थापित सार्वजनिक कूड़ेदान को हटाया गया। यह कार्रवाई नगर निगम महापौर अजय वर्मा एवं नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के निर्देशानुसार की गई।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सार्वजनिक कूड़ेदानों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को घरों से ही कचरे का पृथक्करण कर नगर निगम को सौंपने के लिए प्रेरित करना तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा होने की समस्या का समाधान करना है।
कूड़ेदान हटाने की कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय पार्षद ज्योति साह, पार्षद अमित साह ‘मोनू’, सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी, अमीन बसंत बल्लभ पांडे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर लोगों ने नगर निगम की स्वच्छता संबंधी पहल की सराहना करते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों को क्रमशः “कूड़ेदान मुक्त क्षेत्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा देने के लिए लगातार अभियान संचालित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल अल्मोड़ा के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।