Tue. Jun 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि विभाग ने जनपद में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 8 जून 2026 को औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी ने रानीखेत एवं मछखाली क्षेत्र में स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के अनुपालन की विस्तृत जांच की गई। जांच में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर मछखाली स्थित एक मेडिकल स्टोर का क्रय-विक्रय तत्काल प्रभावित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं अन्य मेडिकल प्रतिष्ठानों से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
औषधि निरीक्षक ने रानीखेत स्थित गोविन्द सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय के औषधि भंडारण केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन को दवाओं के सुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप भंडारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने निर्धारित तापमान पर औषधियों के संरक्षण, एक्सपायर्ड एवं निकट एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने, स्टॉक एवं रिकॉर्ड रजिस्टर के नियमित संधारण तथा नारकोटिक एवं विशेष श्रेणी की औषधियों का नियमानुसार अभिलेख रखने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कुल चार औषधि नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए औषधि विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।