Thu. Jul 2nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल नैनीताल पुलिस में गुरुवार को पदोन्नति के अवसर पर पुलिस लाइन में गरिमामय ‘पीपिंग सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) तथा उपनिरीक्षक सुनील बिष्ट को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर नए रैंक के अलंकार एवं सितारे लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में सराहनीय योगदान दिया है और उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा करते रहेंगे।
अमित कुमार सैनी वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने ऊधम सिंह नगर, चमोली और नैनीताल के विभिन्न महत्वपूर्ण सर्किलों में सेवाएं देते हुए उत्कृष्ट कार्य किया है। उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें दो सराहनीय सेवा सम्मान भी मिल चुके हैं।
वहीं, सुनील बिष्ट ने ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा और नैनीताल के विभिन्न थानों में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कुशल कार्यशैली से अलग पहचान बनाई है। पदोन्नति के बाद अब वे निरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी निभाएंगे।
पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित समारोह में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ अंकित थपलियाल, सीओ विनय सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।