जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
भवाली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद नैनीताल पुलिस द्वारा गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भवाली पुलिस ने तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए एक गुम मोबाइल बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार भवाली निवासी अमित कुमार पुत्र स्व. सुरेश चंद का मोबाइल फोन क्षेत्र में कहीं गुम हो गया था। सूचना मिलने पर कोतवाली भवाली पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद मोबाइल फोन सकुशल बरामद कर लिया गया।
सोमवार, 7 जुलाई 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान ने बरामद मोबाइल उसके वास्तविक स्वामी अमित कुमार को सुपुर्द किया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर अमित कुमार ने नैनीताल पुलिस और कोतवाली भवाली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित एवं सराहनीय कार्यशैली की प्रशंसा की।
