जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
रुद्रपुर लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने 9 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित कर दिया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के कारण जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़क मार्ग प्रभावित होने की आशंका है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंधन और अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यालय या संस्थान आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा केवल मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
