जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हरिद्वार जनपद में गौवंश तस्करी और अवैध पशु कटान के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्क्वाड गढ़वाल रेंज और कोतवाली कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 150 किलो संदिग्ध गौमांस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को गौवंश संरक्षण स्क्वाड और कलियर पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने तेलियों वाली मस्जिद के पास स्थित मन्नवर उर्फ मन्ना की मीट की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस को दुकान के भीतर दो व्यक्ति कथित गौमांस की कटाई-छंटाई करते मिले। मौके से करीब 150 किलो संदिग्ध गौमांस, एक कुल्हाड़ी, दो छुरियां, एक चापड़ तथा कांटा तराजू और सात बाट बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गौमांस दुकानदार मन्नवर द्वारा लाया गया था, जिसे कलियर क्षेत्र में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफरोज (45) पुत्र नाजिर निवासी वार्ड नंबर-1, तेलियों वाली मस्जिद के निकट, कलियर तथा कलीम (30) पुत्र वहीद निवासी वार्ड नंबर-1, कुरैशी वाली मस्जिद के निकट, कलियर के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली कलियर में मुकदमा संख्या 154/2026 के तहत गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 5/11 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्क्वाड के उपनिरीक्षक शरद सिंह, कांस्टेबल पूरन सिंह दानू, कांस्टेबल प्रवीन कुमार तथा कोतवाली कलियर के हेड कांस्टेबल अनीस अहमद और कांस्टेबल प्रकाश मनराल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में गौकशी और पशुओं के अवैध कटान पर पूर्ण प्रतिबंध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
