जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड की अल्मोड़ा शाखा से जाली दस्तावेजों के आधार पर 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत कराकर फर्जी तरीके से ऋण लेने के मामले में अल्मोड़ा पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2025 को उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, शाखा अल्मोड़ा के प्रबंधक समीर भटनाकर ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर बताया था कि हिमांशु कुमार ने स्वयं को लोक निर्माण विभाग (PWD) अल्मोड़ा में अधीक्षण अभियन्ता प्रथम वृत्त दर्शाते हुए जाली दस्तावेज बैंक में प्रस्तुत किए। इन दस्तावेजों के आधार पर 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत कराई गई और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से फर्जी तरीके से ऋण प्राप्त किया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर संख्या 94/2025 के तहत धारा 318(4) एवं 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 336(3), 338 और 340(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और तलाश के बाद 9 जुलाई 2026 को वांछित अभियुक्त हिमांशु कुमार (31) को लोहाघाट, जनपद चम्पावत से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हिमांशु कुमार (31 वर्ष), पुत्र जसराम, निवासी दरकोट, पोस्ट रॉथी, थाना मुनस्यारी, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
