जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 10 जुलाई। सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना से संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड द्वाराहाट के जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोलूछाना में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 1150 से अधिक लोगों ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। आधार सेवा केंद्र पर आधार नामांकन और संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जबकि श्रम विभाग ने मौके पर ही श्रम कार्ड बनाए। इसके अलावा अन्य विभागों ने भी लोगों को विभिन्न जनोपयोगी सेवाएं प्रदान कीं।
लाभार्थियों को कई योजनाओं का मौके पर लाभ भी दिया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की, डेयरी विकास विभाग ने छह पशुपालकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट प्रदान की तथा मत्स्य विभाग ने दो लाभार्थियों को मत्स्य तालाब निर्माण एवं सुधार के लिए एक लाख रुपये से अधिक के स्वीकृति चेक सौंपे।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके घर के निकट ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का माध्यम बनें।
शिविर में 96 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
इस अवसर पर बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ढेला, उत्तराखंड पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह साही, उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार राज, परियोजना निदेशक डीआरडीए के. एन. तिवारी, खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्बे सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
