जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत कोतवाली क्षेत्र के ऐना गांव में शुक्रवार शाम हुई एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुरानी रंजिश में एक युवक ने घर के भीतर घुसकर सागर नामक युवक की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पहले चाकू से उसका गला रेता गया, फिर हथौड़े से सिर पर वार किए गए और सीने पर कई बार चाकू घोंपा गया। बचाव के लिए दौड़ी दो महिलाओं पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना शाम करीब 7:50 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, चीख-पुकार सुनकर अशोक जब ऊपर पहुंचा तो उसकी मां जानकी देवी और दादी शोभा देवी खून से लथपथ पड़ी थीं। जानकी देवी ने बताया कि आरोपी जगत सिंह बौरा ने उनके भतीजे सागर की हत्या कर दी है। जब उन्होंने और शोभा देवी ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया।
कमरे में सागर का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। उसका गला कटा हुआ था और सीने पर चाकू के गहरे घाव थे। पूरा कमरा खून से सना हुआ था। वहीं दूसरे कमरे में शोभा देवी भी गंभीर हालत में अचेत पड़ी मिलीं।
पीड़ित परिवार ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी जगत सिंह बौरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पूरे क्षेत्र में इस नृशंस हत्याकांड के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है।
