जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड
अल्मोड़ा जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए लंबे समय से जिस आधुनिक खेल मैदान की जरूरत महसूस की जा रही थी, वह अब हकीकत का रूप ले रही है। कर्नाटक खोला स्थित डायट खेल मैदान का व्यापक कायाकल्प किया गया है। पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक की पहल तथा जिलाधिकारी अंशुल सिंह की सतत निगरानी में मैदान को आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
वर्षों से उपेक्षित रहे इस मैदान में अब तीन उच्च गुणवत्ता वाली क्रिकेट पिच, हाई बीम फ्लडलाइट, दर्शक दीर्घा, सीसीटीवी कैमरे, मजबूत चहारदीवारी और मुख्य प्रवेश द्वार जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन व्यवस्थाओं से खिलाड़ियों को अपने ही जिले में बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
हाई बीम फ्लडलाइट लगने के बाद खिलाड़ी शाम और रात्रि में भी अभ्यास कर सकेंगे, जबकि दर्शक दीर्घा बनने से अभिभावकों और खेल प्रेमियों को भी प्रतियोगिताएं देखने की बेहतर सुविधा मिलेगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और मैदान को चारदीवारी से सुरक्षित किया गया है।
शनिवार को पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक ने निर्माणाधीन मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए कहा कि पहाड़ों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल बेहतर संसाधन और मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह मैदान आने वाले समय में जिले के खिलाड़ियों के लिए नई ऊर्जा और नए अवसर लेकर आएगा।
बिट्टू कर्नाटक ने डायट मैदान को अत्याधुनिक स्वरूप देने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिस प्रकार मैदान का विकास कराया गया है, वह सराहनीय और दूरदर्शी पहल है।
स्थानीय खिलाड़ियों और अभिभावकों ने भी मैदान के नए स्वरूप का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि इससे अल्मोड़ा की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी और भविष्य में यहां से कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
निरीक्षण के दौरान देवेंद्र कर्नाटक, कमलेश कर्नाटक, रमेश जोशी, हयात सिंह बिष्ट, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता तथा साइट प्रबंधक अंकित कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
