जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को अल्मोड़ा में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के नेतृत्व में चौहानबाटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्रों और युवाओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए और सांकेतिक जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया तथा उनकी सांकेतिक शवयात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना और नेता प्रतिपक्ष की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई तानाशाही मानसिकता को दर्शाती है और कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध जारी रखेगी।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, पूरन रोतेला, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, जया जोशी, प्रीति बिष्ट, विपुल करकी, विक्रम फर्त्याल, निर्मल रावत, सुशील साह, एनडी पांडे, शोभा जोशी, किरण आर्य, दीप डांगी, लोकेश सूफियाल, आनंद सिंह बिष्ट, अमित बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल रहे।
