Fri. Jul 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा पिछले एक माह से चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अभियान के दौरान साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण, पीड़ितों की धनराशि वापसी और आमजन को जागरूक करने में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त साइबर शिकायतों में 82.59 प्रतिशत मामलों का निस्तारण किया गया। साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में 34 एफआईआर तथा टिपलाइन पर प्राप्त शिकायतों में 8 एफआईआर दर्ज की गईं। पिछले एक माह में झारखंड, राजस्थान और हरियाणा से तीन अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर छह मामलों का खुलासा किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल जेएमआईएस पोर्टल पर अपडेट करने पर नौ इंटर-स्टेट लिंक भी प्राप्त हुए।
एमआरएम पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए 67 मामलों में 2.67 लाख रुपये की धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई। पिछले एक महीने में धनवापसी का प्रतिशत 36.75 से बढ़कर 81.65 प्रतिशत हो गया। वहीं प्रतिबिंब पोर्टल की सहायता से नौ संदिग्ध मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए तथा 41 संदिग्ध म्यूल बैंक खातों का सत्यापन किया गया।
अभियान के तहत पुलिस और साइबर सेल की टीमों ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्राम सभाओं में लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी, केवाईसी अपडेट और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। सोशल मीडिया के माध्यम से चलाए गए जागरूकता अभियान को 13.9 लाख (1.39 मिलियन) से अधिक लोगों तक पहुंच मिली। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।