जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, मानसून सीजन, आपदा प्रबंधन और कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें पुलिस कर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई तथा ई-बीट बुक को शत-प्रतिशत अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, माल मुकदमाती, समन, नोटिस एवं वारंटों के शीघ्र निस्तारण के साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के मद्देनज़र जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा।
एसएसपी ने कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार चेकिंग अभियान चलाने, पुलिस की क्षेत्र में प्रभावी मौजूदगी बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। वहीं मानसून को देखते हुए सभी थानों एवं फायर स्टेशनों में आपदा प्रबंधन उपकरणों को पूरी तरह तैयार रखने और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रखने को कहा।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट, नाबालिग वाहन चालकों और रेट्रो साइलेंसर का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
साइबर अपराधों पर विशेष जोर देते हुए एसएसपी ने साइबर सेल के समन्वय से त्वरित कार्रवाई, साइबर जागरूकता अभियान चलाने तथा Money Restoration Module (MRM) और CEIR पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि साइबर ठगी की रकम होल्ड कराने और गुम मोबाइलों की बरामदगी में तेजी लाई जा सके।
बैठक में सहायक निदेशक अभियोजन सुनीता भट्ट ने अभियोजन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी गई।
इस अवसर पर थाना लमगड़ा में तैनात महिला कांस्टेबल इन्द्रा मिश्रा को हत्या के एक मामले में दो आरोपियों की जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तारी में सराहनीय योगदान के लिए जून-जुलाई 2026 का “एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ” घोषित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट पुलिसिंग, सराहनीय कार्य और मानवीय सेवाओं के लिए 24 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
