Sun. Jul 26th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी नैनीताल पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेक्स रैकेट प्रकरण में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में ऐसे मामलों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हल्द्वानी में संचालित एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया गया था। इस मामले में प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की तहरीर पर थाना हल्द्वानी में एफआईआर संख्या-196/2026 के तहत अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 और 7 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित आरोपी राहुल जायसवाल (38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय संजय जायसवाल, निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, पोस्ट आनंदपुर, शिवालिक स्कूल के पास, आरटीओ रोड, हल्द्वानी को 24 जुलाई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम ने जजी कोर्ट तिराहा, हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।