Sun. Jul 26th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने दुकान में सेंध लगाकर चोरी करने की घटना का सफल खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में कार्यरत उपनल कर्मी नबी बक्स ने 22 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जुलाई की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच उनकी दुकान की खिड़की की जाली काटकर अज्ञात व्यक्ति अंदर घुस गया। चोर दुकान से एक बैग, जिसमें ₹10,000 नकद थे, तथा दीवार पर टंगी पैंट की जेब से ₹700 चोरी कर फरार हो गया। इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी की पहचान कर 25 जुलाई को कैंसर अस्पताल, हल्द्वानी के पास से दिवाकर (19 वर्ष) निवासी ग्राम रम्पुरा काजियान, थाना नवाबगंज, जिला बरेली (हाल निवासी जवाहरनगर, वनभूलपुरा, नैनीताल) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से वादी का आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा ₹7,600 नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में हेड कांस्टेबल इसरार नबी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों पुलिसकर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने में अहम योगदान दिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है