Wed. Jul 29th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एडीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
युक्ता मिश्र ने लंबित तथा बार-बार संदर्भित हो रही शिकायतों पर विशेष ध्यान देने और विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।