जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड सरकार के दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित बेस चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी सीधे मरीजों और उनके परिजनों से ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों से अस्पताल संचालन, उपलब्ध संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सशक्त बनाया जा रहा है।
दर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों की वास्तविक स्थिति का सही आकलन मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा और डॉ. अनिल पांडे ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं और भविष्य की आवश्यकताओं से अवगत कराया। कुंदन लटवाल ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े आवश्यक विषयों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान सहित विभिन्न स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
