Mon. Aug 3rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा 77 उत्तराखंड एनसीसी बटालियन, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा की ओर से ‘द रेड हैकल फेस्ट-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति एवं बटालियन के कर्नल प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कैडेट्स ने सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीतों तथा कुमाऊं, पंजाब, नेपाल समेत विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम संयोजक एवं एएनओ कैप्टन (डॉ.) देवेंद्र सिंह बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बटालियन की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि बटालियन के कई कैडेट राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों में चयनित होकर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि एनसीसी अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों को अनुशासन और भविष्य के लिए तैयार करती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने कैडेट्स के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। वहीं, बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जितेंद्र शर्मा और जनप्रतिनिधि रवि रौतेला ने भी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।
फेस्ट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को रैंक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही थल सेना कैंप, एटीसी कैंप सहित विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
बटालियन की प्रमुख उपलब्धियां
77 यूके एनसीसी बटालियन के दो कैडेट भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं। एक कैडेट गर्विता भाकुनी का चयन राष्ट्रपति मिलन के लिए हुआ है। इसके अलावा 6 कैडेट अग्निवीर, 2 नेवी, 1 रिपब्लिक डे कैंप (RDC), 6 थल सेना कैंप, 6 एनआईएम, 5 साइबर सिक्योरिटी कोर्स, 2 मिलिट्री हॉस्पिटल अटैचमेंट, 3 एसएनआईसी (अंडमान-निकोबार), 5 एसएनआईसी (मेघालय), 8 यूके ट्रैक-1, 4 यूके ट्रैक-2, 8 आर्मी अटैचमेंट, 1 राष्ट्रीय खेल 2026 तथा 2 कैडेट नेटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।


You missed