जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 01 अगस्त 2026 “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड स्याल्दे के राजकीय इंटर कॉलेज मालीखेत में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
शिविर में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र एवं विधायक महेश जीना ने विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
शिविर में कुल 619 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 608 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया और 27 आधार कार्डों का पंजीकरण एवं संशोधन भी किया गया।
शिविर में समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संस्थान, श्रम, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर सिंह महरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
