Sat. Aug 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी आगमन, रामलीला मैदान में प्रस्तावित जनसभा एवं रैली को लेकर पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। स्थानीय जनता की सुविधा तथा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार रामपुर रोड से आने वाले सभी वाहन एच.एन. इंटर कॉलेज, बरेली रोड से आने वाले वाहन लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव, जबकि खटीमा व सितारगंज क्षेत्र से आने वाले वाहन गोलापार आरटीओ फिटनेस सेंटर के सामने सड़क किनारे पार्क किए जाएंगे।
इसी प्रकार पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की पार्किंग ठंडी सड़क (नहर कवरिंग) एवं खालसा इंटर कॉलेज मैदान में की जाएगी। वहीं कालाढूंगी और रामनगर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को जेल रोड तिराहा होते हुए पर्वतीय उत्थान मंच एवं लगन गार्डन में पार्क कराया जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि ट्रैफिक प्लान की जानकारी आयोजकों को उपलब्ध करा दी गई है और उनसे रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को निर्धारित व्यवस्था से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जनसभा के दौरान शहर में लगने वाले जाम की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे संभावित असुविधा से बचने के लिए जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें तथा हल्द्वानी में यात्रा करने से पहले अपने मार्ग की योजना उसी के अनुसार बनाएं।


You missed