Sun. Aug 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर निगम की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सफाई व्यवस्था सुधारने के नाम पर नगर के बीचोबीच नंदादेवी मंदिर के पास से जल्दबाजी में यहां लगा कूड़ादान तो हटा दिया गया, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी संबंधित स्थान की स्थिति जस की तस बनी हुई है।



कूड़ादान हटाने के दौरान जो अवशेष और गंदगी फैली, उसे भी अब तक साफ नहीं किया गया है। आलम यह है कि कूड़ादान तो मौके से हटा दिया गया, लेकिन उसके टूटे हुए हिस्से और आसपास फैली गंदगी निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कूड़ादान हटाना ही था तो उसके बाद मौके की पूरी सफाई भी कराई जानी चाहिए थी। आधा-अधूरा काम कर छोड़ देने से सफाई व्यवस्था सुधरने के बजाय स्थिति और खराब हो गई है।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर नगर निगम की योजना क्या है? क्या केवल कूड़ादान हटाना ही सफाई व्यवस्था का हिस्सा है या उसके बाद फैली गंदगी को साफ करना भी निगम की जिम्मेदारी है?
एक सप्ताह बीतने के बावजूद सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल मौके की सफाई कराने और जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।