Wed. Aug 19th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चलाए जा रहे आंदोलनात्मक कार्यक्रम के पहले चरण में बुधवार को फार्मासिस्टों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपकर सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखीं। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान के तहत 20 से 25 अगस्त तक ब्लॉक स्तर से लेकर प्रांतीय पदाधिकारी तक स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार तथा महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को ज्ञापन भेजेंगे। इसके जरिए फार्मासिस्टों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष डीके जोशी, जिला मंत्री रजनीश जोशी, जिला फार्मेसी अधिकारी हीरा सिंह परिहार और फार्मेसी अधिकारी संजय प्रकाश शामिल रहे।
एसोसिएशन ने आंदोलन के पहले चरण के प्रांतीय निर्देशों के क्रम में जनपदीय पदाधिकारियों द्वारा अपने समकक्ष पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन अल्मोड़ा के पदाधिकारियों को भी पत्र प्रेषित किए हैं। संगठन का कहना है कि फार्मासिस्ट संवर्ग से जुड़ी समस्याओं और मांगों को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।
फार्मासिस्टों के आंदोलन के पहले चरण की शुरुआत के बाद अब आने वाले दिनों में ब्लॉक से लेकर प्रांतीय स्तर तक ज्ञापन कार्यक्रम चलेंगे। संगठन ने संकेत दिया है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।