जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार से CBI जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का सवाल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटी के सम्मान, सुरक्षा और न्याय से जुड़ा गंभीर विषय है।
भोज ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग करती रही है। लंबे समय से CBI जांच चलने के बावजूद जांच में अब तक हुई प्रगति और सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने से पीड़ित परिवार और प्रदेश की जनता के मन में कई सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और जांच एजेंसी को इन सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। अंकिता के माता-पिता लगातार अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में उनकी मांगों और आशंकाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
भोज ने कहा कि कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होना चाहिए।
कांग्रेस ने मांग की कि CBI जांच की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति सार्वजनिक की जाए। जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों एवं निष्कर्षों को जनता के समक्ष रखा जाए तथा मामले में शामिल प्रत्येक आरोपी और किसी भी अन्य व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जाए।
भोज ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को पूर्ण न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर दोषियों को कानून के तहत कठोर दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस गंभीर मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं करेगी और परिवार को न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।