जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एकल अभियान महिला विभाग, अल्मोड़ा की ओर से ITBP कोसी परिसर में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एकल अभियान की कार्यकर्ताओं एवं आचार्यों ने देश की सुरक्षा में समर्पित ITBP के अधिकारियों और जवानों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यकर्ताओं ने जवानों के सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। जवानों ने भी इस आत्मीय आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए समाज के इस स्नेह को देशसेवा के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर एकल अभियान की पांचों शिक्षाओं के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के लिए अभियान द्वारा किए जा रहे कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में ITBP की ओर से 2IC भानु प्रताप सिंह, DC जग मोहन, AC मदन सिंह भंडारी, दीपक नग्नयाल एवं आशा जी मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक प्रभाकर जी तथा एकल अभियान समिति के सदस्य सुमित गुप्ता जी भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा कुमाऊं भाग के भाग अभियान प्रमुख एवं अंचल अल्मोड़ा के पालक मोहन भट्ट, कुमाऊं भाग कार्यालय प्रमुख पिंकी चौहान, कार्यालय सहायक सरिता, अंचल प्रशिक्षण प्रमुख पूजा तथा संच प्रशिक्षक आरती (हवालबाग), हेमा (स्यालीधार), दामिनी (दौलाघाट) सहित 33 आचार्य उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने सैनिकों के प्रति समाज के सम्मान और कृतज्ञता को अभिव्यक्त करने के साथ ही भाईचारे, सामाजिक एकता, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से जवानों को यह भाव भी कराया गया कि देश की सुरक्षा में उनके साथ पूरा समाज मजबूती से खड़ा है।