जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल, सुचारू एवं प्रभावी संपादन के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट अल्मोड़ा में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित यह प्रशिक्षण 15 एवं 16 सितंबर को चलेगा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जनपद के सभी जनगणना कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य संपादित करने के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता और प्रक्रियात्मक जानकारी प्रदान करना है। इसके माध्यम से जनगणना कार्यों को समयबद्ध, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों का सीधा संबंध देश की विकास योजनाओं, नीतियों और विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी नियोजन से है। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान संकलित किए जाने वाले आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी कार्मिक पूरी गंभीरता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना संचालन निदेशक ईवा श्रीवास्तव ने ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने डिजिटल जनगणना की कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए आंकड़ों के संकलन में विशेष सावधानी बरतने तथा शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना कार्यों में अधिक सटीकता, पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से डिजिटल प्रक्रियाओं एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से समझने तथा प्रशिक्षण के दौरान अपनी शंकाओं का समाधान करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, जिला समन्वयक अधिकारी निखिल पंत सहित संबंधित जनगणना कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।