Mon. Sep 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय से संबद्ध परिसरों और महाविद्यालयों में आगामी छात्रसंघ चुनावों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को छात्रसंघ एवं महासंघ चुनाव संयोजक प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने सभी परिसरों के निदेशकों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ ऑनलाइन बैठक कर चुनाव प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। चुनाव संयोजक ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार एसएसजे विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और परिसरों में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव प्रस्तावित हैं, जबकि महासंघ चुनाव के लिए 1 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई है। इसके मद्देनजर विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियों को गति दी जा रही है।
बैठक में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, निदेशकों, प्राचार्यों तथा संबंधित पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।