Mon. Sep 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण, कुलानुशासक एवं जिला पुलिस के अधिकारियों ने संभावित छात्रसंघ पदाधिकारियों और प्रत्याशियों के साथ बैठक कर चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने को लेकर चर्चा की।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एसएचओ योगेश उपाध्याय, सीओ भावना कैंथोला, बेस चौकी प्रभारी अनिल जोशी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार तथा कुलानुशासक डॉ. धनी आर्या उपस्थित रहे।
एसएचओ योगेश उपाध्याय ने संभावित प्रत्याशियों से संवाद करते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव को जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ संपन्न कराने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रत्याशियों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव आर्या ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन नियमों के तहत छात्रसंघ चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से चुनाव प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन करने की अपेक्षा जताई।
सीओ भावना कैंथोला ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी चुनाव के दौरान आपसी मनभेद से बचें और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया में प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़े।
बैठक में कुलानुशासक डॉ. धनी आर्या ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों को उनके परिचय पत्र समय पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। बैठक का संचालन डॉ. खगेन्द्र खोलिया ने किया।
इस दौरान अधिष्ठाता छात्र कल्याण मंडल के सदस्यों के साथ छात्रसंघ पदाधिकारी, संभावित प्रत्याशी तथा युवम वोहरा, अमित बिष्ट, रश्मि पांडे, विशाल बिष्ट और निशांत पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।