Tue. Sep 29th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर में आगामी दशहरा महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। दशहरा महोत्सव समिति की बैठक नगर निगम सभागार में आयोजित हुई, जिसमें पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करने के साथ ही इस वर्ष के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से विगत वर्ष की कार्यकारिणी को यथावत रखने का निर्णय लिया गया।
समिति के अनुसार पिछले वर्ष के आयोजन के बाद 1,70,600 रुपये की धनराशि शेष है। बैठक में पुतला, दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के पंजीकरण सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
पिछले वर्षों में पुतला दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने से सामने आई दिक्कतों को देखते हुए इस वर्ष पुतला दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम स्टेडियम परिसर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। समिति सदस्यों ने कहा कि प्रशासन की ओर से हर वर्ष दशहरा आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है।
समिति ने ब्राइट एंड कॉर्नर के समीप जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया। सदस्यों का कहना था कि दशहरा जैसे बड़े आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होने से यातायात, सुरक्षा और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
बैठक में नगर की यातायात और विद्युत व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। बाजार क्षेत्र में जगह-जगह उलझे विद्युत तारों तथा खुखरी गेट के पास वाहनों के कारण उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या का मुद्दा उठाया गया। समिति ने संबंधित विभागों से इन समस्याओं के समाधान की मांग करने का निर्णय लिया।
अजीत कार्की अध्यक्ष, वैभव पांडे सचिव
समिति के सचिव वैभव पांडे ने अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की की सहमति से नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। समिति में अनुभवी सदस्यों के साथ युवाओं को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।
मुख्य सलाहकार ललित लटवाल, दीप सिंह डांगी और मनोज सनवाल तथा मुख्य संयोजक धर्मेंद्र बिष्ट बनाए गए हैं। अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की होंगे। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अशोक पांडे, संजय साह, दीपक साह और दीपचंद्र जोशी को दी गई है।
सचिव वैभव पांडे तथा उप सचिव आशीष गुरुरानी, निशांत पांडे, विशाल कनवाल और सूरज वाणी बनाए गए हैं। मुख्य सांस्कृतिक संयोजक मनोज जोशी और कोषाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी होंगे।
सह संयोजक के रूप में शरद अग्रवाल, अश्विनी नेगी, ललित कनवाल और हितेश वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। सह सांस्कृतिक संयोजक देवेंद्र भट्ट, पंकज भगत, दीपक कुमार और सलमान अंसारी होंगे।
सोशल मीडिया की जिम्मेदारी हर्षित टम्टा और दिनेश मठपाल को दी गई है। प्रचार-प्रसार प्रमुख हितेश नेगी, दीक्षित जोशी, पंकज कनवाल और दिनेश थापा तथा मीडिया प्रभारी कपिल मल्होत्रा और निर्मल उप्रेती होंगे। सलाहकार मंडल में कैलाश गुरुरानी, हरीश कनवाल और किशन लाल को शामिल किया गया है।
बैठक में अजीत कार्की, कैलाश गुरुरानी, ललित लटवाल, प्रकाश पाण्डेय, आनंद बगड़वाल, रवि रौतेला, किशन लाल, अमरनाथ सिंह नेगी, अशोक पाण्डेय, मनोज जोशी, प्रकाश भट्ट, सुशील साह, हितेश वर्मा हनी, धर्मेंद्र बिष्ट, दीपक कुमार, विनीत बिष्ट, कृष्ण बहादुर सिंह, आशीष गुरुरानी, रिक्खू साह, हरीश कनवाल, कपिल मल्होत्रा, मनोज सनवाल, वैभव पांडे और राजेंद्र तिवारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।