Fri. Nov 13th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल वीकेंड और अवकाश के दौरान कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह यातायात प्लान 14 और 15 नवंबर 2026 को प्रभावी रहेगा। पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन निर्धारित किया है। वहीं कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था भी की गई है।
रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध
यातायात प्लान के अनुसार दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
पहाड़ से मैदान और मैदान से पहाड़ जाने वाले वाहनों का बदलेगा रूट
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं हल्द्वानी, काठगोदाम एवं मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए भेजा जाएगा।

काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।


कैंची धाम जाने वालों के लिए पार्किंग और शटल सेवा


कैंची धाम दर्शन के लिए भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन चालकों को अपने वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में पार्क करने होंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालु भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे।


वहीं नैनीताल मार्ग से ज्योलिकोट और गेठिया होते हुए आने वाले पर्यटकों को अपने निजी वाहन भवाली स्थित सैनेटोरियम पार्किंग में खड़े करने होंगे। यहां से भी कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने के लिए स्थानीय शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

टैक्सी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक

पुलिस के अनुसार वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया वाहनों और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी एवं बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम की ओर जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।
नैनीताल पुलिस की पर्यटकों से अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन रूट, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा का ही उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि वीकेंड के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और सभी की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।