जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन साइबर सेल अल्मोड़ा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी साइबर सेल के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक मुदित वर्मा, कांस्टेबल सौरभ ग्वासाकोटी सहित पुलिस टीम ने छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को बढ़ते साइबर अपराधों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
इस दौरान डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, संदिग्ध लिंक, फर्जी लोन ऐप, ऑनलाइन इनाम, निवेश और पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी के तरीकों से अवगत कराया गया। छात्राओं को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक की सत्यता जांचने के बाद ही उस पर कार्रवाई करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करने की अपील की। साथ ही एमआरएम (Money Restoration Module) के माध्यम से साइबर ठगी की स्थिति में धनराशि वापस दिलाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सकें।
