जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद के देवस्थल क्षेत्र से मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। कोसी नदी में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा मुख्यालय से पांच दोस्त देवस्थल के पास कोसी नदी किनारे घूमने और समय बिताने पहुंचे थे। सभी नदी किनारे मौजूद थे और इसी दौरान नहाने के लिए नदी में उतर गए। नहाते समय दो युवक अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों डूबने लगे।
उनके साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया और शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद भी मांगी, लेकिन नदी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों को नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (26 वर्ष), पुत्र महेंद्र सिंह कनवाल, निवासी दुगालखोला, अल्मोड़ा तथा धीरज गड़िया (37 वर्ष), निवासी मोटाहल्दू, हल्द्वानी (मूल निवासी बागेश्वर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों में नहाने या गहरे पानी में उतरने से बचें, क्योंकि तेज बहाव और अचानक बढ़ती गहराई जानलेवा साबित हो सकती है।
