जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा चम्पावत में नाबालिग बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य घटना को लेकर अल्मोड़ा विधायक Manoj Tiwari ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं और सरकार केवल विज्ञापनों व खोखले दावों तक सीमित रह गई है।
मनोज तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत और सांस्कृतिक राज्य में लगातार दुष्कर्म, छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाएं यह साबित करती हैं कि अपराधियों के मन से कानून का भय पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हुई है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज हालात इतने खराब हो चुके हैं कि पर्वतीय राज्यों में महिला अपराधों के मामलों में उत्तराखंड का नाम सबसे ऊपर दिखाई दे रहा है, जो बेहद शर्मनाक और चिंताजनक स्थिति है। विधायक ने कहा कि चम्पावत की घटना केवल एक अपराध नहीं, बल्कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और सरकार की नाकामी का आईना है।
कांग्रेस विधायक ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम सामने आने के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि सरकार आरोपियों को बचाने और मामलों को दबाने में ज्यादा रुचि दिखाती है, जिससे जनता का कानून और शासन व्यवस्था से भरोसा टूटता जा रहा है।

उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल नारों और बड़े-बड़े विज्ञापनों से सुनिश्चित नहीं होगी। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मजबूत इच्छाशक्ति दिखानी होगी। मनोज तिवारी ने मांग की कि चम्पावत दुष्कर्म कांड के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और उन्हें कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
उन्होंने प्रदेश की जनता से भी महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की और कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा सरकार को उसकी विफलताओं के लिए जवाबदेह बनाएगी।