Sat. Jul 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की 18 और 19 जुलाई को आयोजित होने वाली प्रवक्ता संवर्ग एवं उत्तराखंड हाईकोर्ट अधिष्ठान की विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर 7000 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कोतवाली हल्द्वानी में परीक्षा ड्यूटी में तैनात जोनल, सेक्टर और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल, पेपर लीक या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
18 जुलाई को प्रवक्ता संवर्ग (नागरिक शास्त्र) की परीक्षा हल्द्वानी, मुखानी और लालकुआं के 10 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें 3997 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं 19 जुलाई को उत्तराखंड हाईकोर्ट अधिष्ठान में सहायक समीक्षा अधिकारी, टाइपिस्ट समेत अन्य पदों की परीक्षा हल्द्वानी, काठगोदाम और मुखानी के 6 केंद्रों पर होगी, जिसमें 3016 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
पुलिस ने सभी परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर, सघन फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरे और जैमर की व्यवस्था की है। ब्लूटूथ व अन्य सूक्ष्म ईयर डिवाइस पकड़ने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पेनटॉर्च उपलब्ध कराई गई है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में इंटरनेट कैफे और फोटोकॉपी की दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा होटल, ढाबों, लॉज और होम-स्टे की सघन जांच के साथ सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम, साइबर सेल और एसओजी को भी सक्रिय किया गया है। कंट्रोल रूम से पूरी परीक्षा की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जबकि जोनल, सेक्टर अधिकारी और डायल-112 की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी। पुलिस ने अभ्यर्थियों से आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में न लाने की अपील की है।