जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक महिला के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को टीपी नगर क्षेत्र स्थित नीलांचल कॉलोनी (फेज-6, डहरिया) में एक डिलीवरी बॉय पता पूछने के लिए पीड़िता के घर पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सलीक अली पुत्र आफताब हुसैन ने बिना किसी वजह के महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अशोभनीय इशारे किए। विरोध करने पर आरोपी लकड़ी लेकर महिला की ओर दौड़ा तथा जान से मारने और उसकी इज्जत को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ जैसी हरकतें कर चुका है। इस बीच आरोपी का एक धमकी भरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह खुलेआम धमकी देता दिखाई दे रहा था।
महिला की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 238/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सलीक अली को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में नैनीताल पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी।
