जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी हरेला पर्व के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पूरे जनपद में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने काठगोदाम कोतवाली परिसर में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और सभी पुलिस कर्मियों व जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान एसएसपी ने कहा कि “हरियाली है तो हम हैं।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति का मूल आधार प्रकृति है और तेजी से हो रहे विकास के बीच पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भूस्खलन, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का प्रभावी माध्यम है। इसलिए पौधे लगाने के साथ-साथ उनके वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए।
एसएसपी ने पुलिस कर्मियों से कानून-व्यवस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित स्थानों का चयन कर पौधारोपण करने तथा अपने घर और मूल निवास स्थान पर भी कम से कम दो पौधे लगाने की अपील की।
हरेला अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने जनपद के सभी थाना परिसरों, कार्यालयों और इकाइयों में लगभग 600 फलदार, छायादार और स्थानीय प्रजातियों के पौधे रोपे। इनमें आम, अमरूद, गुलमोहर, बुरांश, पांगर, जामुन, कटहल, तेजपत्ता, आंवला सहित कई पहाड़ी प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।
काठगोदाम कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, प्रभारी सीपीयू जगदीश राम, चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम दिलीप कुमार सहित पुलिस बहुउद्देशीय भवन की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा एसपी हल्द्वानी डॉ. जगदीश चंद्र तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन प्रभारियों ने भी अपने-अपने थाना परिसरों, कार्यालयों और इकाइयों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
