Tue. Aug 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹993 की भारी बढ़ोतरी के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बढ़े हुए दामों को तुरंत वापस लेने की मांग उठाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते महंगाई लगातार बढ़ रही है। इसका सीधा असर छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और आम जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल राजस्व बढ़ाने में लगी है। कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे व्यवसायों की लागत बढ़ेगी, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ेगा।
जिलाध्यक्ष भोज ने कहा कि पहले से ही बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही जनता के लिए यह फैसला “आग में घी डालने” जैसा है। कांग्रेस ने इस निर्णय को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।