जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अल्मोड़ा जनपद से 39 चिकित्सकों के स्थानांतरण निरस्त करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी ने महामहिम राज्यपाल, उत्तराखंड के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक साथ बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले से पूरे कुमाऊँ की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित होगी और इसका सबसे अधिक खामियाजा दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भुगतना पड़ेगा।
ज्ञापन में कहा गया कि अल्मोड़ा कुमाऊँ मंडल का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां बागेश्वर, पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। बेस चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों का उपचार होता है। ऐसे में जनरल सर्जन, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ समेत 39 चिकित्सकों के तबादले से स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ेगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कई चिकित्सकों के स्थानांतरण शासनादेशों एवं उनकी पारिवारिक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं किए गए हैं, जिससे चिकित्सकों और उनके परिवारों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने राज्यपाल से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इन तबादलों की पुनः समीक्षा कराने और जनविरोधी व अव्यावहारिक स्थानांतरण आदेशों को निरस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, प्रकाश जोशी, राधा बिष्ट, गीता मेहरा, केवल सती, कुंदन भंडारी, पूरन रौतेला, निर्मल रावत, विनोद वैष्णव,परितोष जोशी, मनोज वर्मा, गोविंद मेहरा, हेम आर्य, मुकेश कुमार, जगदीश तिवारी, कृष्णा बिष्ट, हरीश भट्ट, कन्नू बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
