जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने असंग्रहित (अनकलेक्टेबल) गणना प्रपत्र वाले मतदाताओं के पुनः सत्यापन के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।
बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि अल्मोड़ा में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र किसी कारणवश बीएलओ तक नहीं पहुंच सके, उन्हें फिलहाल असंग्रहित श्रेणी में रखा गया है।
प्रशासन ने ऐसे मतदाताओं को राहत देते हुए बताया कि वे वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध अपने विवरण के आधार पर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं या संबंधित बीएलओ को प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि असंग्रहित श्रेणी के सभी मामलों की बीएलओ स्तर पर दोबारा समीक्षा कराई जाए और प्रत्येक मतदाता का पुनः सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
इसके साथ ही एसआईआर अभियान के आगामी चरणों की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
