Sat. Jul 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर निगम अल्मोड़ा द्वारा तहसीलधारा सब्जी मंडी (लाला बाजार) के छोटे दुकानदारों की दुकानों के टेंडर की प्रक्रिया शुरू किए जाने का विरोध तेज हो गया है। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल, अल्मोड़ा ने इसे वर्षों से दुकानें संचालित कर रहे छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय बताते हुए नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर टेंडर प्रक्रिया तत्काल निरस्त करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि तहसीलधारा सब्जी मंडी के कई छोटे व्यापारी पिछले 20 से 40 वर्षों से अपनी दुकानों के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं और नियमित रूप से नगर निगम को किराया भी जमा करते आ रहे हैं।
व्यापार मंडल का आरोप है कि नगर निगम ने बिना पर्याप्त पूर्व सूचना और संवाद के दुकानों के टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी, जिससे वर्षों से कारोबार कर रहे छोटे दुकानदारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। संगठन ने इस निर्णय को “तुगलकी फरमान” बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया निरस्त नहीं की तो सभी व्यापारियों को एकजुट कर आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, महिला जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद वंदना वर्मा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष प्रमोद पवार ‘भीमा’, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, जिला संगठन मंत्री नीरज थापा ‘बिट्टू’, जिला कोषाध्यक्ष गणेश जोशी ‘गुड्डू’, जिला मंत्री दिनेश कांडपाल, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, जिला संयुक्त महामंत्री कमल बिष्ट, नगर महासचिव दीप चंद्र जोशी, नगर उपाध्यक्ष दीपक जोशी, आनंद सिंह भोज, महिला नगर उपाध्यक्ष मन्नू गुप्ता, नगर कोषाध्यक्ष रोहित साह, नगर उप सचिव जय प्रकाश पांडे, अमन टकवाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री ए.के. सिकंदर पवार, निकेश उपाध्याय, सुधीर गुप्ता, मनीष मल्होत्रा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।