जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नैनीताल विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में सोमवार को बाबा नीब करौरी महाराज के 62वें स्थापना दिवस पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था और पूरी रात मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। सोमवार सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर मालपुए का प्रसाद ग्रहण कर चुके थे।
स्थापना दिवस का शुभारंभ सुबह पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को मालपुए का भोग अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए और दर्शन व महाप्रसाद वितरण का क्रम शुरू हो गया। बाबा नीम करौली मंदिर समिति के सेवादार हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं को मालपुए का प्रसाद वितरित कर रहे हैं।
कुमाऊं के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ देश और विदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंचीधाम पहुंचे हैं। गरमपानी और भवाली की ओर कई किलोमीटर तक वाहनों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, दर्शन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया गया है।
बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति भक्तों की अटूट आस्था और उत्साह के बीच कैंचीधाम का 62वां स्थापना दिवस पूरे धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है।
