Thu. Jun 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा लगातार हो रही बारिश के कारण नगर के राजपुर क्षेत्र में दो भवनों की छतों से पानी घरों के अंदर जाने की सूचना पर रेड क्रॉस सोसायटी अल्मोड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाई। सूचना मिलते ही रेड क्रॉस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों भवनों की छतों पर त्रिपाल डालकर पानी के रिसाव को रोकने का कार्य किया।


बारिश के चलते छतों से लगातार पानी टपकने से परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति की जानकारी मिलने पर रेड क्रॉस के पदाधिकारी और स्वयंसेवक तत्काल मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित भवनों का निरीक्षण किया। इसके बाद छतों को त्रिपाल से ढककर घरों के भीतर पानी जाने की समस्या से राहत दिलाई गई।

रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव विनीत बिष्ट ने कहा कि आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में रेड क्रॉस सदैव जनसेवा के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

राहत कार्य के दौरान यूथ रेड क्रॉस चेयरमैन अमित साह ‘मोनू’, यूथ उपाध्यक्ष अर्जुन बिष्ट ‘चीमा’, यूथ उपसचिव अभिषेक जोशी, पार्षद विकास कुमार, देवेंद्र भट्ट, दीपांशु जोशी सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराने के लिए रेड क्रॉस टीम का आभार व्यक्त किया। बरसात के बीच संस्था की इस त्वरित पहल से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली और जनसेवा के प्रति रेड क्रॉस की प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई।