Fri. Jun 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा/देहरादून प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं अल्मोड़ा जनपद के प्रभारी मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत 11 और 12 जून को कुमाऊं मण्डल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वह अल्मोड़ा जनपद में उच्च शिक्षा विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं निरीक्षण करेंगे।


डाॅ. रावत 12 जून को राजकीय महाविद्यालय तल्ला-सल्ट तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान वह रानीखेत महाविद्यालय के वाणिज्य संकाय के नव निर्मित भवन सहित विभिन्न शैक्षणिक अवसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों और सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण भी करेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वह अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के विकास को नई दिशा दी है।

इससे पूर्व अपने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन डाॅ. रावत ने डुमणीकोट और पाटों क्षेत्र में जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लगभग 2.31 करोड़ रुपये की लागत से गणतखाल-कठुखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का लोकार्पण तथा 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले देवराड़ी खेल मैदान का शिलान्यास किया।

इसके साथ ही बूंगीधार में प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी, उपजिलाधिकारी थलीसैंण और दूधातोली विनसर चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के बाद वह सल्ट पहुंचे, जहां राजकीय महाविद्यालय तल्ला-सल्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए महाविद्यालय के नवनिर्मित अकादमिक भवन का लोकार्पण किया।