Thu. Jun 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में नवीन कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा संचालन के लिए नियुक्त सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का पूर्व सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों एवं जैमर की कार्यशीलता का पूर्व परीक्षण कर लिया जाए तथा परीक्षा अवधि के दौरान उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनी रहे।
उन्होंने सभी अधिकारियों से जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल समन्वय स्थापित कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित परीक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।