Wed. Aug 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा,  उत्तराखण्ड क्रांति दल के जिला कार्यालय अल्मोड़ा में जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी में शामिल हुए पूर्व राज्य मंत्री दिनेश कुंजवाल का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में कुंजवाल ने उत्तराखण्ड के मूल निवासियों के अधिकारों समेत कई जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के मूल निवासियों के हितों की रक्षा के लिए मूल निवास, धारा 371 के प्रावधान और स्थायी राजधानी गैरसैंण जैसे मुद्दों पर ठोस और निर्णायक पहल जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन की मूल भावना तभी सार्थक होगी, जब युवाओं, कर्मचारियों, महिलाओं, किसानों और आम जनता के हितों को प्राथमिकता मिले।
उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था, ग्रामीण सड़कों की बदहाली, अनिवार्य चकबंदी, अतिथि शिक्षकों को स्थायी नियुक्ति तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्थायी रोजगार देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कुंजवाल ने कहा कि जनता लंबे समय से अपने अधिकारों और समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग कर रही है। उत्तराखण्ड क्रांति दल इन मुद्दों को मजबूती से जनता के बीच ले जाएगा।
वहीं, यूकेडी जिलाध्यक्ष ने केंद्रीय नेतृत्व से प्राप्त पत्र के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के इच्छुक प्रत्याशी जिला कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिला कार्यालय से आठ आवेदन पत्र लिए जा चुके हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत किया जा रहा है और जनहित, उत्तराखण्ड की अस्मिता व अधिकारों से जुड़े मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रमुखता दी जाएगी।


You missed