जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व उत्तराखंड कुमाऊँ एवं छत्तीसगढ़ नॉर्थ ज़ोन प्रभारी जितेंद्र फुलारा ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थामा।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश संगठन मंत्री अनिल भारद्वाज तथा जिला अध्यक्ष मंगेश त्यागी भी उपस्थित रहे। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा के लिए कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद जितेंद्र फुलारा ने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में वह समाज के सभी वर्गों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे।
फुलारा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व एवं वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी नई राजनीतिक पारी में वह जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने अपने सभी शुभचिंतकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों से इस नई राजनीतिक यात्रा में सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील भी की।
