जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 15 जुलाई। उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने बुधवार को अल्मोड़ा स्थित सर्किट हाउस में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की।
बैठक से पूर्व सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। समीक्षा बैठक में भावना मेहरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नगर निगम और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके।
उन्होंने विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा करने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष किरण पंत, प्रदेश सह-संयोजक निकाय प्रकोष्ठ कैलाश गुरुरानी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम पालीवाल, नगर निगम पार्षद एवं भाजपा नगर महामंत्री अर्जुन सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
