जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा कर्नाटक खोला स्थित रामलीला मंच रविवार को खेल प्रतिभाओं के उत्साह और जोश का केंद्र बन गया, जहां अल्मोड़ा कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का भव्य आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम के महापौर अजय वर्मा तथा दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट मौजूद रहे।


आयोजन समिति के मुख्य संयोजक बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रतियोगिता में पी-वी, सब-जूनियर, कैडेट और जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए।
प्रतियोगिता का संचालन हेमवंती नंदन बहुगुणा स्टेडियम की ताइक्वांडो कोच वंदना भंडारी ने किया। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा था, जिसमें तकनीकी कौशल, आत्मरक्षा, संतुलन और शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने आयोजन की सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के परिश्रम और आयोजन समिति के सहयोग को दिया।
महापौर अजय वर्मा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की प्रतिभाओं को उचित अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकती हैं।
दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि जनपद में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा मिलने से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा बड़ी संख्या में खेलों से जुड़ रहे हैं और यह नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने बिट्टू कर्नाटक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य जनपद में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में विधि थापा, नित्या सिंह, गर्विता बिष्ट, आराध्या देवड़ी, मान्या वर्मा, सोम्या आर्य, पार्थ पाठक सहित कुल 71 खिलाड़ियों ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक हासिल किए। कार्यक्रम में हयात सिंह बिष्ट, देवेंद्र कर्नाटक, कमलेश कर्नाटक, रमेश जोशी, अमर बोरा, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश से आए कोच, रेफरी और खिलाड़ियों ने भी सहभागिता की।